टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने 21.05.2026 को 1320 मेगावाट खुर्जा सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट में सेवा-टीएचडीसी के अंतर्गत अपनी सीएसआर पहल के तहत, आसपास के गांवों की 10–12 वर्ष आयु वर्ग की 30 वंचित बालिकाओं के लिए “मिशन शक्ति-2026” का शुभारंभ किया।
रिपब्लिक फेडरेशन सोसाइटी के सहयोग से 21.05.2026 से 14.06.2026 तक आयोजित किया जा रहा यह 25 दिवसीय गैर-आवासीय कार्यशाला बालिकाओं के समग्र विकास को बढ़ावा देने हेतु विशेष रूप से तैयार की गई है। इस कार्यशाला के अंतर्गत व्यक्तित्व विकास, संचार कौशल, आत्मरक्षा, आत्मविश्वास निर्माण, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता, कला एवं शिल्प, फिज़िकल एजुकेशन तथा बुनियादी शिक्षा से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के उद्घाटन दिवस पर प्रतिभागी छात्राओं को ट्रॉली बैग, स्कूल बैग, ट्रैकसूट, स्पोर्ट्सवियर, स्टेशनरी, योग किट, पानी की बोतलें तथा अन्य आवश्यक सामग्रियों सहित व्यापक किट प्रदान किए गए, जिससे उन्हें कार्यक्रम के दौरान एवं आगे भी सहायता मिल सके।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री कुमार शरद, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) द्वारा श्री बिनोद कुमार साहू, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर श्री हर्ष कुमार जिंदल, महाप्रबंधक (सामाजिक एवं पर्यावरण), श्री संदीप भटनागर, महाप्रबंधक (वित्त), तथा मंजरी लेडीज़ क्लब से श्रीमती बिनिता शरद एवं श्रीमती रीता साहू भी उपस्थित रहीं।
इस पहल को अपना सहयोग प्रदान करते हुए मंजरी लेडीज़ क्लब छात्राओं के कल्याण एवं जागरूकता के लिए दंत स्वच्छता शिविर, मासिक धर्म स्वास्थ्य जागरूकता सत्र तथा अन्य विकासात्मक गतिविधियों के माध्यम से भी योगदान दे रहा है।
अभिभावकों ने अपनी बालिकाओं के सशक्तिकरण एवं विकास हेतु इस सार्थक पहल के लिए टीएचडीसीआईएल के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर टीएचडीसीआईएल के वरिष्ठ अधिकारीगण, मंजरी लेडीज़ क्लब के सदस्य, छात्राएं एवं अभिभावक भी उपस्थित रहे।