राष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने अपने सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत चमोली जनपद के परियोजना प्रभावित क्षेत्र गुनियाला गांव (ब्लॉक - दशोली) में 08 अप्रैल 2025 को एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कर ग्रामीण कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को पुनः सुदृढ़ किया।
यह स्वास्थ्य शिविर विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी) की सीएसआर पहल के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य परियोजना क्षेत्र के आस-पास के दूरस्थ गांवों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था।
इस शिविर का नेतृत्व वीपीएचईपी की वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डा. निकिता शर्मा ने किया। वीपीएचईपी औषधालय की टीम द्वारा 30 से अधिक ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक चिकित्सकीय जांच, तथा निःशुल्क परामर्श, उपचार और दवाओं का वितरण किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने इस शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया, जो टीएचडीसीआईएल के समग्र विकास के प्रयासों में उनकी आस्था को दर्शाता है। शिविर के सफल आयोजन में सुश्री अभिजिता साहू, फील्ड ऑफिसर (सामाजिक विभाग), ने स्थानीय हितधारकों के साथ समन्वय स्थापित किया।
इस अवसर पर वीपीएचईपी परियोजना प्रमुख श्री अजय वर्मा ने कहा, “टीएचडीसीआईएल में हम मानते हैं कि हमारी परियोजनाओं के आसपास रहने वाले समुदायों का स्वास्थ्य और कल्याण, सतत विकास की हमारी दृष्टि का अभिन्न हिस्सा है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर गुनियाला गांव एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों को सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक छोटा सा प्रयास है। हम भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी अभियानों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य और जीवनस्तर को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”

राष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर , राष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य शिविर , राष्ट्रीय स्वास्थ्य दिवस पर स्वास्थ्य जांच शिविर