विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना (वीपीएचईपी), टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड में 23 मार्च, 2026 को वित्तीय वर्ष 2025-26 की अंतिम हिंदी कार्यशाला का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ परियोजना प्रमुख श्री अजय वर्मा, महाप्रबंधक (टीबीएम/विद्युत गृह) श्री के.पी. सिंह, महाप्रबंधक (बाँध) श्री आर.पी. मिश्रा, फैकल्टी श्री ध्यान सिंह रावत एवं विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख श्री अजय वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रचार-प्रसार एवं उसका सतत प्रयोग सरकारी कार्यों की दक्षता और प्रभावशीलता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने दैनिक कार्यों, विभागीय रिपोर्ट, पत्राचार एवं अन्य आधिकारिक दस्तावेजों में हिंदी का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित करें, जिससे सरकारी संचार अधिक सरल, सुगम एवं प्रभावी बन सके।
कार्यशाला के दौरान राजभाषा हिंदी के प्रयोग, उसके संवैधानिक प्रावधानों तथा व्यावहारिक उपयोगिता पर विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित श्री डी.एस. रावत (पूर्व वरिष्ठ प्रबंधक, राजभाषा) ने प्रतिभागियों को हिंदी के आधिकारिक उपयोग, राजभाषा नीति के प्रावधानों तथा कार्यालयीन कार्यों में इसके प्रभावी अनुप्रयोग के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा अनेक व्यावहारिक सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक (जल यांत्रिक) श्री संजय ममगाईं, उप महाप्रबंधक (गुणवत्ता) श्री शरद चन्द्र भट्ट, वरिष्ठ प्रबंधक (मा.सं. एवं प्रशा.) श्री वी.डी. भट्ट, सहायक प्रबंधक (जनसंपर्क) श्री अविनाश कुमार एवं कनिष्ठ अधिकारी (हिंदी) श्री जी.पी. घिल्डियाल सहित कुल 28 प्रतिभागियों ने कार्यशाला में सहभागिता की।
राजभाषा हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंतर्गत वर्तमान तिमाही में आयोजित राजभाषा हिंदी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इन प्रतियोगिताओं ने न केवल कर्मचारियों के हिंदी ज्ञान को परखा, बल्कि कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा के प्रयोग के प्रति सकारात्मक वातावरण भी सृजित किया।
1. राजभाषा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता (11 मार्च 2026)
11 मार्च को आयोजित इस प्रतियोगिता में कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें यांत्रिक, नियोजन एवं बांध विभागों का उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा।
• प्रथम: श्री नरेश जोशी, कनि. अभियंता (यांत्रिक)
• द्वितीय: श्री अरविन्द गौड़, कनि. अभियंता (नियोजन)
• तृतीय: श्री सत्यम सिंह, सहा. प्रबंधक (बांध)
• सांत्वना: श्री सरोज कुमार, सहायक (सामाजिक एवं पर्यावरण)
• सांत्वना: श्री सुरेन्द्र कुमाई, अभियंता (नियोजन)
2. शुद्ध लेख एवं शुद्ध वाक्यांश प्रतियोगिता (12 मार्च 2026)
12 मार्च को आयोजित इस प्रतियोगिता में भाषा की शुद्धता एवं व्याकरण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया, जिसमें वित्त, नियोजन एवं विद्युत विभागों के अधिकारियों ने सराहनीय प्रदर्शन किया।
• प्रथम: श्री मनोज कुमार, सहायक (वित्त एवं लेखा)
• द्वितीय: श्री प्रवेश कुमार, कनि. अभियंता (नियोजन)
• तृतीय: श्री दुष्यंत, कनि. अभियंता (विद्युत एवं संचार)
• सांत्वना: श्री सुरेन्द्र कुमाई, अभियंता (नियोजन)
• सांत्वना: श्री हिमांशु डोभाल, सहा. प्रबंधक (भवन एवं सड़क)
सभी विजेताओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए परियोजना प्रमुख एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। यह कार्यशाला एवं प्रतियोगिताएं कर्मचारियों के बीच राजभाषा हिंदी के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुईं।